logo

होटवार जेल में 20 वर्षीय कैदी से गैंगरेप! 18 लोगों पर मुकदमा दर्ज

होटवार जेल में 20 वर्षीय कैदी से गैंगरेप! 18 लोगों पर मुकदमा दर्ज

रांची: 
Ranchi News:
बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार में 20 वर्षीय एक विचाराधीन बंदी के साथ तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर गुरुवार को खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर समेत 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें एक दर्जन से अधिक बंदी भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल के दिन यौन हिंसा का आरोप
शिकायत के अनुसार, जेल में बंद कुछ कैदियों ने महाशिवरात्रि की रात पीड़ित को जबरन महिला के कपड़े पहनाए और पार्वती का रूप देने के बाद नशीला पेय पिलाया। आरोप है कि इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3ए में ले जाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। इस दौरान उसके गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक रक्तस्राव होने की बात भी शिकायत में कही गई है। दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह के कैदियों ने युवक को दोबारा महिला के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3ए के ग्राउंड हॉल में उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया। वहीं, तीसरी घटना सरहुल पूजा के दिन की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, इस दिन भी आरोपितों ने युवक को जबरन खींचकर वार्ड संख्या 5 में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की गई।

शिकायत करने पर वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर पर दुर्व्यवहार का आरोप
पीड़ित के पिता की शिकायत में जेल के वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, युवक ने पहले वार्ड प्रभारी के पास लिखित शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि प्रभारी ने उसके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए आवेदन फाड़ दिया। इसके बाद पीड़ित जेल अस्पताल पहुंचा, जहां मेडिकल ऑफिसर पर भी उसके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि बिना समुचित इलाज किए उसे वापस वार्ड में भेज दिया गया।

अदालत से बरी होने के बाद परिवार को बताई घटना
जानकारी के अनुसार, युवक एक मामले में 12 जून को रांची की अदालत से बरी होने के बाद जेल से रिहा हुआ था। घर लौटने के बाद उसने परिवार को जेल के भीतर अपने साथ हुई कथित यौन हिंसा की घटनाओं के बारे में बताया। इसके बाद उसके पिता ने खेलगांव थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रिहाई के दौरान युवक का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। घटना के बाद से वह सदमे में है।

सिटी एसपी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को सौंपी गई है। प्राथमिकी में जेल के भीतर बंद कई कैदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, मेडिकल ऑफिसर और एक पुलिसकर्मी सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। सभी की भूमिका की जांच की मांग की गई है। इस मामले में जेल अधीक्षक चंद्रशेखर ने आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कारागार के एक वार्ड में 50 से अधिक बंदी रहते हैं, ऐसे में किसी के साथ इस तरह की घटना होने की संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि घटना हुई थी, तो तत्काल सूचना देने के बजाय लगभग पांच महीने बाद प्राथमिकी क्यों दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Tags - Ranchi News Hotwar Jail Jharkhand Crime Jail FIR Sexual Assault Case