पलामू
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय, पलामू की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्यपाल संतोष गंगवार के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रघुवर दास ने कहा कि यह उपाधि उनके लिए केवल एक शैक्षणिक सम्मान नहीं है, बल्कि यह जनता के अटूट विश्वास और आत्मीय स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "मैं इस सम्मान को अपने हृदय में संजोकर रखूंगा।"
रघुवर दास के इस सम्मान को उनके लंबे राजनीतिक जीवन, समाज सेवा और झारखंड के विकास में उनके योगदान के प्रति एक सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
