द फॉलोअप डेस्क
MDA (फाइलेरिया विलोपन) कार्यक्रम 2023 के सफल संचालन के लिए सोमवार को रांची जिला टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय में हुई। जिसमें अगस्त महीने में चलाए जाने वाले एमडीए (फाइलेरिया विलोपन) कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अगले चरण में जिला के 13 सीएचसी में कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिस पर बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीसी राहुल सिन्हा ने माइक्रोप्लान बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत जिला में फाइलेरिया विलोपन के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए कार्य करें। वहीं, बैठक में पीपीटी के माध्यम से बताया गया कि वर्ष 2023 में फरवरी माह तक कुल 30964 बुखार पीड़ितों की जांच की गई। जिसमें 15 मरीज पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव मरीजों में एक पीएफ मलेरिया से ग्रसित पाया गया। सभी का उपचार किया जा चुका है तथा क्षेत्र में गहन निगरानी रखी जा रही है।

दो सीएचसी में चलाया गया था अभियान
रांची जिले के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो और बुढ़मू में दिनांक 10 से 25 फरवरी 2023 तक MDA (फाइलेरिया विलोपन) कार्यक्रम चलाया गया। जिसमें कुल 307725 व्यक्तियों ने डीईसी एवं अल्बेंडाजोल का सेवन किया। इनमें 55 लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। कुल 93.6 प्रतिशत जनसंख्या को दवा का सेवन कराया गया। इसमें विभिन्न विभागों का सहयोग मिला तथा सभी स्कूलों में दवा सेवन कराया गया। जिले में अभी तक कुल 2774 हाथीपांव तथा 157 हाइड्रोसील के रोगी पाए गए हैं। हाथीपांव रोगियों को एमएमडीपी किट वितरित किया जा रहा है। जबकि, हाइड्रोसील के रोगियों का ऑपरेशन कराया जा रहा है। वर्ष 2023 में अब तक कुल 71 हाइड्रोसील रोगियों का ऑपरेशन किया जा चुका है। कुल 334084 की जनसंख्या में से 307725 लोगों ने दवा का सेवन किया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT