द फॉलोअप डेस्क, रांची
रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नरकोपी के बोबरो गांव स्थित सिया टोली में एक पिता ने कथित तौर पर कुदाली से हमला कर अपने ही बेटे की जान ले ली। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पारिवारिक रिश्ते को झकझोर देने वाली इस वारदात की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
मृतक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस वारदात से बोबरो गांव के सिया टोली में मातम और दहशत का माहौल है।
