द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले की 17 साल की अमीषा केरकेट्टा का चयन अबूधाबी में होने वाले यूथ ओलंपिक गेम्स के लिए हुआ है। अमीषा भारत की ओर से बॉक्सिंग में हिस्सा लेंगी। यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। अमीषा एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता खेती करते हैं और मां गृहिणी हैं। आर्थिक परेशानियों के बावजूद अमीषा ने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया। उन्होंने झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) से प्रशिक्षण लिया और अर्जुन अवॉर्डी बीबी मोहंती से बॉक्सिंग की ट्रेनिंग पाई।
हाल ही में अमीषा ने जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसके अलावा, उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय टूर में भी मेडल जीते। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यूथ ओलंपिक कैंप के लिए चुना गया और अब वो ओलंपिक रिंग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। अमीषा का अगला लक्ष्य 2028 ओलंपिक गेम्स है। उन्होंने कहा कि कोच बीबी मोहंती उनके लिए प्रेरणा हैं।
