द फॉलोअप डेस्क, रांची
प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के 26 साल बाद भी गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी समस्याएं पूरी तरह दूर नहीं हो सकी हैं। ऐसे में सरकार को आत्ममंथन करने और जनता की आवाज सुनने की जरूरत है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को हुआ था। अलग राज्य के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला और इस संघर्ष में कई लोगों ने शहादत दी। उन्होंने झारखंड आंदोलन में योगदान देने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अपनी बात रख रहे थे।

सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दोनों लोकतंत्र की गाड़ी के दो पहिए हैं, लेकिन राज्य को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सरकार की होती है। सरकार को विपक्ष की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भी जब किसी समस्या या गड़बड़ी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करती है, तो उस पर तत्काल संज्ञान लिया जाना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि कई बार जनता की आवाज दब जाती है और उसकी समस्याएं नहीं सुनी जातीं। बाबूलाल मरांडी ने सरकार से अपील की कि शिकायतों के समाधान के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिसमें पोस्टकार्ड, ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का भी समय पर निराकरण हो सके।

2047 के विकसित भारत के साथ 2050 तक विकसित झारखंड का लक्ष्य
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी तरह झारखंड को भी 2050 तक विकसित राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन के 50 वर्ष पूरे होने से पहले देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे हो जाएंगे। ऐसे में राज्य के पास अपने विकास के लक्ष्यों को हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने जिस उद्देश्य से अलग राज्य की लड़ाई लड़ी थी, उसे पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार में बैठे लोगों को जनता की समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता देनी होगी।
उत्कृष्ट विधायक और विधानसभा कर्मियों को किया गया सम्मानित
विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट विधायक के रूप में चयनित सदस्य को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विधानसभा के उत्कृष्ट पदाधिकारियों और कर्मचारियों तथा पूर्व विधायकों को भी सम्मान दिया गया। बाबूलाल मरांडी ने सभी सम्मानित लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि झारखंड को विकसित बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब सरकार और व्यवस्था में बैठे लोग जनता की आवाज सुनेंगे और उसकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
.jpeg)