द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया। तभी से भाजपा नेताओं में एक व्याकुलता थी कि आखिर कैसे दोबारा झारखंड में प्रवेश करें। चुनाव में भाजपा कोल्हान में तो समाप्त हो गई। संथाल से भी करारा जवाब मिला है। ऐसे में अब ऐसा लग रहा है कि पूरा झारखंड ही भाजपा से मुक्त होना चाहती है। यह बातें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सुप्रियो भट्टाचार्य ने कही। रविवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अमित शाह, हेमंत सोरेन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे। मगर आज झामुमो भाजपा और अमित शाह से पूछा रहा है कि अडाणी की ऐसी स्थिति क्यों है? एसबीआई और एलआईसी की स्थिति पर असर पड़ रहा है तो भाजपा नेता चुप क्यों हैं? पिछले एक साल से हम ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का नाम सुन रहे हैं। ऐसे में आज यह जांच एजेंसी क्यों खामोश है। ईडी अधिकारियों को गुजरात और मुंबई जाना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने का किया आग्रह
अमेरिका की वित्तीय शोध करने वाली एक कंपनी हिंडनबर्ग ने अपने 103 पन्नों की रिपोर्ट में अडाणी समूह की कार्यशैली पर सवाल उठाया। इसको लेकर सुप्रियो ने कहा कि रिपोर्ट में दावा किया गया कि अडाणी समूह दशकों से शेयरों के हेरफेर और अकाउंट की धोखाधड़ी में शामिल है। इससे अडाणी की कंपनियों में निवेश करने वाली भारतीय बैंकों और एलआईसी को भी झटका लगा है। निवेशकों को चिंता सता रही है। संसद में भी खूब हंगामा हुआ है। ऐसे में भाजपा नेताओं को आगे बढ़कर मामले की जांच की मांग करनी चाहिए। वहीं, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी अनुरोध किया है कि इस वित्तीय घोटाला पर संज्ञान लें।

प्लांट के शिलान्यास को लेकर उठाया सवाल
गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा देवघर में नैनो फर्टिलाइजर के लिक्विड प्लांट का शिलान्यास किया गया। इस जमीन को लेकर सुप्रियो ने कहा कि जहां ये प्लांट लगेगा, वहां टाटा कंपनी का साबुन बनाया जाता था। बाद में जब कंपनी का विलय दूसरी मल्टीनेशनल कंपनी में हुआ तो यह जमीन जियाडा के पास आ गई। ऐसे में उस जमीन पर 2016 में खेल शुरू हुआ। जमीन एक व्यक्ति विशेष को हस्तांतरित कर दिया गया। इसके बाद टारगेट हुआ कि कैसे उसे सहकारिता विभाग में लाया जाए ताकि केंद्र सरकार उपयोग करे मगर हित किसी व्यक्ति विशेष का हो।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT