द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जल सहिया संघर्ष समिति की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर “राष्ट्र की प्रगति में सशक्त नारी का योगदान” विषय पर जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं और पहले की तुलना में आज समाज में काफी सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने पुरुष और महिला दोनों को समान रूप से बनाया है, इसलिए समाज में भी दोनों को बराबरी की दृष्टि से देखा जाना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि आज भी दुनिया के कई देशों में महिलाओं को शिक्षा या स्वतंत्र रूप से बाहर जाने की अनुमति नहीं है, जबकि भारतीय समाज में महिलाओं को समान अधिकार प्राप्त हैं।
उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में महिला और पुरुष की समान भागीदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। इसके साथ ही समाज को भी अपनी सोच बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हवाई जहाज उड़ाने से लेकर राजनीति, प्रशासनिक सेवा और अन्य कई क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि समाज में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की जाए तथा उन्हें स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही देश और समाज का समग्र विकास संभव है।
जल सहिया संघ के मुख्य संरक्षक सूरज गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के हक, अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना हम सबका पहला कर्तव्य है। जब महिलाएं मानसिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर होंगी, तब देश और समाज की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि जिस घर में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवी-देवताओं का वास माना जाता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नीतू सिंह, प्रो. अनिता तूफानी और नीतू सिन्हा ने कहा कि महिलाएं जगत की जननी हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को केवल 8 मार्च को ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता उपायुक्त दिनेश कुमार यादव थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नामधारी कॉलेज की प्राचार्य नीतू सिन्हा, आईएमए सचिव डॉ. नीतू सिंह और डॉ. अनिता कुमारी तूफानी उपस्थित रहीं। समिति के मुख्य संरक्षक सूरज गुप्ता और युवा समाजसेवी संतोष जायसवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जल सहिया समिति की अध्यक्ष मालती देवी ने की, जबकि संचालन कार्तिकी आर्या ने किया। सम्मेलन में मधु देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, पूर्णिमा कच्छप, सुधा देवी, रीना कच्छप, अर्पणा देवी, प्रियंका देवी, संयुक्ता देवी, सरिता देवी, शारदा देवी, रीना देवी और यशवंती देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।