गढ़वा:
Garhwa News: गढ़वा जिले के रंका पूर्वी वन क्षेत्र के पिपरादादर जंगल में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक हाथी को बैठी अवस्था में देखा। शुरुआत में ग्रामीण हाथी के पास जाने से डर रहे थे। काफी देर तक हाथी की कोई गतिविधि नहीं हुई तो ग्रामीणों ने पास जाकर देखा। इस दौरान हाथी मृत अवस्था में पड़ा मिला।

हाथी की मौत की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
हाथी की मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल में शव को देखने के लिए जुट गए। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। डीएफओ भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
.jpeg)
बिजली के तार से मौत की आशंका, जांच में जुटा विभाग
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से बिजली का तार भी बरामद किया है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि कहीं ग्रामीणों द्वारा हाथियों से बचाव के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी की मौत तो नहीं हुई। हालांकि, हाथी की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। वन विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी।