गढ़वा:
Garhwa News: गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में वृद्धा पेंशन का इंतजार कर रही एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बलियारी पंचायत के जमुआ गांव निवासी 60 वर्षीय दुखती देवी पिछले करीब आठ माह से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं। बीमारी के बाद उनकी मौत हो गई। पेंशन के सहारे जीवनयापन करने वाली महिला को महीनों तक भुगतान नहीं मिलने की घटना ने केंद्र और राज्य सरकार की पेंशन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आठ माह से बंद थी पेंशन, आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं दुखती देवी
बताया जाता है कि दुखती देवी के पति सूर्यदेव राम की करीब दो वर्ष पहले मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद वह किसी तरह अपना जीवन गुजार रही थीं। वृद्धा पेंशन ही उनके जीवनयापन का एकमात्र सहारा थी, लेकिन पिछले करीब आठ माह से पेंशन का भुगतान बंद था। पेंशन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही थीं। परिवार के अनुसार, उन्हें भोजन, दवा और अन्य जरूरी सामान जुटाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
त्योहार भी बीते, लेकिन पेंशन का इंतजार खत्म नहीं हुआ
परिजनों के अनुसार, पेंशन बंद रहने के कारण दुखती देवी को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार भी पेंशन के इंतजार में गुजर गए, लेकिन भुगतान शुरू नहीं हुआ। ठंड का मौसम शुरू होने के बीच गांव के जरूरतमंद बुजुर्गों के पास गर्म कपड़े, कंबल और इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी सामने आ रही है। आर्थिक तंगी के बीच बीमारी से जूझ रही दुखती देवी की मौत हो गई।
परिवार पर पहले से था दुखों का पहाड़
दुखती देवी के दो पुत्र थे। बड़े पुत्र का नाम सुनील पासवान और छोटे पुत्र का नाम अनिल पासवान बताया गया है। छोटे पुत्र अनिल पासवान की भी पहले ही मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि अनिल अपनी एक बेटी की शादी कर चुके थे। परिवार में पहले से ही कई परेशानियां थीं। ऐसे में वृद्धा पेंशन बंद रहने के कारण दुखती देवी का जीवन और कठिन हो गया था।
वृद्धा पेंशन बंद होने से बुजुर्गों की परेशानी बढ़ी
इस घटना के बाद गांव में वृद्धा पेंशन के भुगतान में हो रही देरी और जरूरतमंद बुजुर्गों की आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वृद्धा पेंशन बुजुर्गों के लिए महज सरकारी सहायता नहीं, बल्कि बुढ़ापे में जीवनयापन का एक महत्वपूर्ण सहारा है। पेंशन बंद रहने से कई बुजुर्ग भोजन, दवा और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों से लंबित पेंशन का भुगतान जल्द शुरू कराने और जरूरतमंद बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए कंबल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
सर्वजन पेंशन योजना के बावजूद भुगतान में देरी पर सवाल
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की पेंशन में देरी के बीच झारखंड सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की थी। इस योजना पर झारखंड सरकार प्रतिवर्ष करीब 200 करोड़ रुपये खर्च करती है। इसके बावजूद एक बुजुर्ग महिला को आठ माह तक पेंशन नहीं मिलना सरकारी व्यवस्था और योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। इस मामले पर प्रखंड प्रमुख पिंकू पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार की पेंशन पिछले आठ माह से नहीं आने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने पेंशन भुगतान में देरी को बुजुर्गों की परेशानी का कारण बताया।