logo

शहरों में आधारभूत संरचना और सड़कों के विकास के लिए अभियंताओं की आठ टीमें गठित

sunil_kumar2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पथ निर्माण विभाग ने राज्य में शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना विकास के लिए पथ निर्माण , जुडको और नगर विकास विभाग के विषेषज्ञ अभियंताओं की आठ टीम का गठन किया है। इस संबंध में आदेश  जारी कर दिया गया है। यह टीम राज्य के शहरों का अलग अलग दौरा करेगी। गठित टीम सड़क सहित वर्तमान में उपलब्ध शहरी आधारभूत संरचना का चिन्हित कर उसी के अनुरूप भविष्य के लिए सतत एवं स्थायी शहरी विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं की संभावनाओं की तलाश  करेंगी।  


पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव के अनुसार यह विशेषज्ञ दल राज्य के निकायों का स्थल निरीक्षण कर शहरी विकास के लिए आधारभूत संरचना के लिए योजनाएं बनायेगी। टीम को शहर के समग्र विकास एवं आधुनिकीकरण की संभावनाओं का चिन्हितीकरण करना है। इसके तहत वर्तमान में उपलब्ध सड़कें और भविष्य की नये सड़कों की आवश्यकता से संबंधित प्रस्ताव तैयार करना है। टीम शहर के सौंदर्यीकरण एवं सुगम यातायात के लिए वर्तमान चौक  चैराहों एवं गोलंबर के विकास से संबंधित रिपोर्ट बनायेगी। इसके अलावा टीम को निकायों में शहरी आधारभूत संरचना के विकास से संबद्ध एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर , रोड ओवरब्रिज, रोड अंडर ब्रिज, सड़क सुदृीढीकरण , फुटपाथ एवं पाथ वे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने की जवाबदेही दी गयी है। आकर्षण एवं पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सड़क के किनारे हरियाली के  विकास का खाका भी तैयार करना है।  


सुनील कुमार ने कहा है कि किसी शहर के विकास का पैमाना उसकी आधारभूत संरचना होती है । इसलिए निकायों को अग्रणी बनाने , शहरियों को सुविधा प्रदान करने और गतिशील यातायात के लिए  बाईपास तथा रिंग रोड के निर्माण से संबंधित टीम को खाका बनाना है। साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण के लिए अतिरिक्त आधरभूत  संरचना के विकास की भी संभवना तलाशने का निर्देश  दिया गया   है। टीम भविष्य के लिए शहरी उन्नयन एवं विकास का भी प्रस्ताव तैयार करेगी।

Tags - Jharkhand Infrastructure development in cities seven teams of engineers formed Road Construction Department