logo

श्रावणी मेला 2026 : अहले सुबह देवघर DC ने किया बाबा मंदिर और मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण

DC35.jpg

द फॉलोअप, देवघर 
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार अहले सुबह बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कांवरियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधारहित जलार्पण व्यवस्था उपलब्ध कराना था।

उपायुक्त ने बाबा मंदिर परिसर के साथ-साथ तिवारी चौक, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और क्यू कॉम्प्लेक्स का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार व्यवस्था लगातार सुचारू रखी जाए जिससे किसी भी स्थान पर भीड़ का दबाव या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

सीसीटीवी कैमरों से होगी लाइव मॉनिटरिंग

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मंदिर स्थित कंट्रोल रूम भी पहुंचे जहां उन्होंने बड़ी स्क्रीन और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र, कांवरिया पथ और जलार्पण कतार की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने तकनीकी कर्मियों को भीड़ पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल रिस्पांस टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने जीवनरक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। सोमवारी को देखते हुए उपायुक्त ने मातृत्व विश्राम गृहों में माताओं और शिशुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा के लिए बनाए गए अमानत घर की व्यवस्था का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस को मुस्तैद रहने का निर्देश

मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने विभिन्न पुलिस ओपी का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सीसीटीवी निगरानी मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि श्रावणी मेला की ड्यूटी केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर है। उन्होंने सभी को सेवा भाव से कार्य करने और देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को बेहतर अनुभव देने का निर्देश दिया।

Tags - Deoghar Shravani Mela 2026Baba Baidyanath DhamDeoghar Deputy CommissionerKanwar Yatra 2026Jharkhand News