द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के नवनियुक्त चेयरमैन राजेश पांडेय 12 नवंबर को बोकारो थर्मल पहुंचेंगे। चेयरमैन का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला बोकारो थर्मल दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर पावर प्लांट परिसर से लेकर प्रशासनिक भवनों तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संयंत्र परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और रखरखाव का काम तेज कर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चेयरमैन 12 नवंबर को कोडरमा से बोकारो थर्मल पहुंचेंगे। यहां स्थानीय निदेशक भवन में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवानों की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वह पावर प्लांट का दौरा कर संयंत्र की विभिन्न इकाइयों और विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लेंगे। इस दौरान बिजली उत्पादन की मौजूदा स्थिति और प्लांट के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा भी करेंगे।

प्लांट परिसर में सफाई अभियान, प्रशासनिक भवनों का हो रहा रंग-रोगन
डीवीसी चेयरमैन के पहले दौरे को देखते हुए बोकारो थर्मल पावर प्लांट में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। संयंत्र के विभिन्न विभागों और संवेदनशील स्थानों पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। परिसर में लंबे समय से जमा धूल और गंदगी को हटाने के लिए पानी की बौछार की जा रही है। वहीं, प्रशासनिक भवनों सहित अन्य स्थानों पर रंग-रोगन और मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का जोर प्लांट परिसर की व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चेयरमैन के निरीक्षण के दौरान संयंत्र की व्यवस्थाओं, उत्पादन क्षमता और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाएगी।

एचओपी, जीएम और वरीय अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
पावर प्लांट के निरीक्षण के बाद डीवीसी चेयरमैन राजेश पांडेय हेड ऑफ प्रोजेक्ट (एचओपी), महाप्रबंधकों (जीएम) और विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, पावर प्लांट के संचालन, बिजली उत्पादन और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। चेयरमैन संबंधित अधिकारियों से उनके विभागों के कामकाज और मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके अलावा परियोजनाओं के क्रियान्वयन और उत्पादन से जुड़े विषयों की समीक्षा भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बोकारो थर्मल में उनका दौरा संक्षिप्त रहेगा। निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठक पूरी करने के बाद वह 12 नवंबर की शाम चंद्रपुरा के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन को लेकर डीवीसी के स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।