द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रायडीह मोड़ के पास हुआ, जहां हाइवा और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान रामगढ़ निवासी अकबर अली और डोमचांच निवासी जीवन मेहता के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।
