logo

रांची : जानिए! कैसे बिजली की वजह से वर और वधू पक्ष में हुई जमकर मारपीट, माजरा क्या है...

dulha1.jpg

रांचीः 

रांची के लोअर बाजार इलाके से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। झारखंड में बिजली कटने की समस्या से लोग परेशान हैं। अब तो बिजली मारपीट की वजह भी बन रही है।  रांची में बिजली की वजह से वर-वधु पक्ष में ही मारपीट हो गई।  मंगलवार देर रात दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई।  जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।

 

पूरा मामला जानकर हैरान रह जाएंगे
कांटा टोली चौक के समीप वाईएमसीए मैरिज हॉल में मंगलवार की देर रात लड़की पक्ष के लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। दरअसल, रांची के एक युवक की शादी चतरा की युवती से हुई। 2 दिन पहले लड़का पक्ष के लोग डीजे के साथ चतरा बारात गए थे।  बारात पहुंचने के बाद वहां बिजली नहीं थी। जिससे डीजे बंद हो गया। बाराती पक्ष के लोगों ने जेनरेटर चलाने का अनुरोध किया, लेकिन लड़की पक्ष की ओर से जेनरेटर की सुविधा नहीं थी। इस बात को लेकर वहां भी विवाद हुआ। 
अब जब रिसेप्शन में लड़की वाले रांची आए तो अंधेरे में खाना खिलाने का बदला लड़के वालों ने उनसे रांची में ले लिया। इतनी जबरदस्त मारपीट हुई कि पुलिस को बुलाना पड़ा। 

 

 

दोनों पक्ष ने किया समझौता 
रिसेप्शन पार्टी में हुई मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। इस मामले में कुछ लोग लोअर बाजार थाना भी पहुंचे थे। दोनों में से किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। इस मामले को लेकर लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आपस में ही दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।