logo

देवघर में ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार 

deoghar_p.jpg

देवघर   
देवघर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसीडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के कारोबार में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (SP) को सूचना मिली थी कि जसीडीह थाना क्षेत्र में स्टेशन के समीप स्थित रूध्या धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर देवघर के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान छह लोगों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बेचा करते थे

तलाशी लेने पर उनके पास से मादक पदार्थ व अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में गुल मोहम्मद उर्फ चाचा, रवि झा, बबलू चौधरी, अजय कुमार महथा, खुशबू देवी तथा इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान शामिल हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी गुल मोहम्मद उर्फ चाचा और इस्माइल अंसारी अवैध रूप से रेल मार्ग व अन्य माध्यमों से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बेचा करते थे। इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 198/2026 के तहत धारा 111(2)(b)/3(5) बीएनएस एवं एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गुल मोहम्मद पर पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Tags - Deoghar Police Brown Sugar Seizure Drug Smugglers Arrested Anti-Drug Campaign