द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में RKDF University, Ranchi के प्रो वाइस चांसलर डॉ. अमित कुमार पांडेय को प्रतिष्ठित Samwad Samman 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने, युवाओं के सशक्तिकरण तथा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सकारात्मक पहल को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया। समारोह में शिक्षा, युवा विकास और झारखंड की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
.jpeg)
अर्जुन मुंडा ने मंच पर किया सम्मानित
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंच पर डॉ. अमित कुमार पांडेय को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक बलबीर दत्त और पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध नागपुरी लोक कलाकार एवं गायक मुकुंद नायक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मान समारोह में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।

प्रतिभाओं को सही दिशा और अवसर देना प्राथमिकता
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमित कुमार पांडेय ने कहा कि राज्य के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सही दिशा और उचित मंच उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। RKDF University विद्यार्थियों के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की प्रतिभा ही भविष्य में सशक्त झारखंड और मजबूत भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।