रांची
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ झारखंड के प्रसिद्ध दिउड़ी मां मंदिर में पूजा-अर्चना की। धोनी खुद अपनी काली एसयूवी से बुंडू स्थित इस प्राचीन मंदिर पहुंचे। मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर डीएसपी ओमप्रकाश और एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने उन्हें पारंपरिक चुनरी पहनाकर सम्मानित किया, और इस मौके पर नगाड़े की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया।
मंदिर के पुजारी मनोज पंडा ने जानकारी दी कि धोनी की मां दिउड़ी में गहरी आस्था है। वह अक्सर मंदिर दर्शन को आते हैं, हालांकि इस बार खास बात यह रही कि वे लंबे समय बाद पूरे परिवार के साथ पहुंचे। आमतौर पर वे अकेले या दोस्तों के साथ दर्शन करते हैं।

धोनी के मंदिर आने की खबर इलाके में फैलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक मंदिर के बाहर जमा हो गए। फैंस धोनी के साथ तस्वीर लेने को उत्साहित दिखे, वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
आईपीएल सीजन समाप्त होने के बाद से धोनी रांची में हैं और कई बार उन्हें जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास करते भी देखा गया है। महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे कामयाब कप्तानों में गिने जाते हैं। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट अपने नाम किए हैं। उन्हें राजीव गांधी खेल रत्न, पद्मश्री और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
