logo

5 हजार रिश्वत लेते मधुबन थाना का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, थाना प्रभारी के निर्देश पर पैसे लेने का आरोप

5 हजार रिश्वत लेते मधुबन थाना का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, थाना प्रभारी के निर्देश पर पैसे लेने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

धनबाद एसीबी की टीम ने गिरिडीह जिले के मधुबन थाना के कंप्यूटर ऑपरेटर विक्रम कुमार चौधरी को कथित तौर पर 5 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 16 सितंबर 2026 को की गई। एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH15K4933) 19 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे मधुबन थाना क्षेत्र के चैनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद गाड़ी बेचने के लिए थाना से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने की जरूरत थी। इसी सिलसिले में परिवादी मधुबन थाना पहुंचा, जहां आरोप है कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने उससे 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने पर उसने धनबाद एसीबी से शिकायत की।

शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज हुआ केस

परिवादी की शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने कांड संख्या 08/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026 को दर्ज किया। इसके बाद 16 सितंबर को धावा दल गठित कर कार्रवाई की गई। एसीबी के मुताबिक, प्राथमिकी में नामजद आरोपी दीपेश कुमार के निर्देश पर विक्रम कुमार चौधरी ने थाना प्रभारी के कक्ष में परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत ली। बताया गया है कि घटना के समय दीपेश कुमार छुट्टी पर थे। रिश्वत लेने के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी।

मजिस्ट्रेट और गवाहों की मौजूदगी में दोनों गिरफ्तार

एसीबी की टीम ने मजिस्ट्रेट और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरिडीह के मधुबन थाना से गिरफ्तार कर लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। एसीबी के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Tags - Dhanbad ACB Giridih News Madhuban Police Bribery Case Jharkhand News