जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर के घोड़ाबंधा पंचायत में छठ महापर्व से पहले जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई विकास योजनाओं को पूरा किया गया है। शनिवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने संयुक्त रूप से तीन स्थानों पर विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। जिला परिषद सदस्य की अनुशंसा पर पूरी हुई इन योजनाओं में छठ घाटों के सौंदर्यीकरण के साथ पेवर्स ब्लॉक बिछाने और नाली निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

तीन स्थानों पर विकास कार्यों का लोकार्पण
विकास योजनाओं के तहत स्वभूमि ग्रीन वैली दुर्गा मंडप स्थित छठ घाट, आनंद विहार छठ घाट और खारंगाझाड़ गणेश मंदिर परिसर में कराए गए कार्यों का लोकार्पण किया गया। खारंगाझाड़ गणेश मंदिर परिसर में पेवर्स ब्लॉक बिछाने के अलावा नाली निर्माण का कार्य भी पूरा कराया गया है। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान भी लोगों को सहूलियत होगी।

व्रतियों को मिलेगी सुविधा, विकास को बताया प्राथमिकता
उद्घाटन के बाद विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। छठ घाटों पर सुविधाओं का विस्तार होने से छठ व्रतियों को पर्व के दौरान सहूलियत मिलेगी। वहीं, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जनता की मांग और जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। बुनियादी सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह, विक्रम गोराई, रजत कुमार, रूबी ठाकुर, सतवीर सिंह बग्गा, रामनवमी सिंह समेत स्थानीय वार्ड सदस्य, विभिन्न समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित थीं।