द फॉलोअप डेस्क
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर इस बार श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। मेले की भव्यता को और खास बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार (30 जुलाई) की शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस शो में सैकड़ों ड्रोन आसमान में उड़कर भगवान शिव, बाबा बैद्यनाथ धाम और श्रावणी मेले से जुड़ी दिव्य एवं आध्यात्मिक आकृतियां उकेरेंगे। यह अद्भुत नजारा मंदिर परिसर से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक देखा जा सकेगा।
.jpeg)
भक्ति और तकनीक का होगा अद्भुत संगम
श्रद्धालुओं को इस बार ऐसा दृश्य देखने को मिलेगा, जहां अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक के जरिए आकाश में महादेव की भव्य छवि और श्रावणी मेले की धार्मिक झलकियां जीवंत होती नजर आएंगी। पर्यटन विभाग का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ विश्वस्तरीय आयोजन का एहसास कराना है। श्रावणी मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से अत्याधुनिक लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया जाएगा। लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगा, जबकि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देवघर और बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगा यादगार अनुभव
राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इस बार धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा समावेश देखने को मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो से मेले की भव्यता कई गुना बढ़ेगी और बाबा नगरी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह अनुभव लंबे समय तक यादगार रहेगा।