logo

आधी रात सड़क पर उतरे देवघर के मेयर, अवैध टोल टैक्स के खिलाफ खोला मोर्चा; रखी यह मांग

ैपगूा1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर नगर निगम क्षेत्र के एंट्री प्वाइंट पर देर रात चल रही अवैध वसूली का मामला सामने आया है। मेयर रवि कुमार राउत ने आधी रात के आसपास औचक निरीक्षण कर इस अनियमितता का खुलासा किया। जांच के दौरान पाया गया कि टोलकर्मी निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, मेयर को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एंट्री प्वाइंट पर तैनात कर्मी मनमाने तरीके से शुल्क वसूल रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रात में निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने वाहन चालकों से बातचीत की और जारी रसीदों की जांच की, जिसमें सामने आया कि तय दर से लगभग 30 प्रतिशत अधिक वसूली की जा रही थी। इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए इसे पूरी तरह अवैध और गलत बताया।


लंबे समय से चल रही थी गड़बड़ी
बताया जा रहा है कि यह गड़बड़ी लंबे समय से जारी थी। मेयर ने मामले में संबंधित संवेदक के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है। साथ ही, अधिक वसूली में शामिल कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी एंट्री प्वाइंट पर शुल्क सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और शिकायत के लिए संपर्क नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।


सोशल मीडिया पर भी दी चेतावनी
मेयर रवि कुमार राउत ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो भी साझा किया और कहा कि निरीक्षण के दौरान टोल वसूली में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। उन्होंने वाहन चालकों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं और स्पष्ट किया कि मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि मामले को नगर विकास मंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा और संबंधित संवेदक के अनुबंध को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Tags - Deoghar toll scam corruption municipal corporation mayor Jharkhand illegal collection administration