द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से ठगी के आरोपी संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन को गिरफ्तार किया है। संजू मिश्रा रांची के गांधी नगर का रहने वाला है और अपना कारोबार करता है। वह किसी काम के सिलसिले में दलादली इलाके में आया था। इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने रांची पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रातू थाना में रखा गया है, जहां दिल्ली पुलिस के दो अधिकारी भी मौजूद हैं। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली ले जाएगी।

कई लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई लोगों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोप है कि उसने बेहद शातिर तरीके से कई लोगों को अपना निशाना बनाया और उनसे बड़ी रकम ठगी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके बैंक खातों, ठगी के तरीके और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दिल्ली पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली जाएगी, जहां मामले में आगे की जांच और पूछताछ की जाएगी।
.jpeg)