द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी सुनीता चौधरी की जीत सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश रामगढ़ पहुंचे। यहां बुद्धिजियों के संग बैठक करने के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया। एक सभागार में रामगढ़ के शिक्षाविदों एवं अन्य बुद्धिजीवियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से झारखंड में सुरक्षा के साथ शिक्षा की स्थिति भी बदतर हुई है। महागठबंधन में कांग्रेस और जेएमएम दोनो चोर-चोर मौसेरे भाई की भूमिका में हैं। ये झारखंड के खनिज संसाधनों को लूटने के लिए ही झूठ बोलकर सत्ता पर काबिज हुए हैं। सम्मेलन के बाद दामोदर पुल से लेकर थाना चौक तक के सभी दुकानों और ठेले खोमचों वालों को पत्रक सौंपते हुए सभी से एनडीए गठबंधन की उम्मीदवार को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। जनसंपर्क अभियान में राज्यसभा सांसद प्रो.आदित्य साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, धनबाद विधायक राज सिन्हा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह, प्रकाश मिश्रा, माथुर प्रसाद, भारत यादव, प्रो.आलोक सिंह, भाजुमो झारखंड के अमित कुमार, मिडिया प्रभारी सत्यजीत चौधरी, सोशल मीडिया संतोष शर्मा, आईटी प्रभारी प्रवीण सोनू आदि मौजूद थे।
राज्य में कोई सुरक्षित नहीं, विकास का काम ठप
दीपक प्रकाश ने कहा कि आज राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार ने किस प्रकार से लोगों को ठगने का काम किया है किसी से छुपा हुआ नही है। कानून व्यवस्था जर्जर है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। चारों ओर लूट, डकैती, चोरी और दुष्कर्म का बोलबाला है। आज राज्य में कोई सुरक्षित नहीं है। विकास का काम ठप है। भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी कार्यालयों में नीचे से लेकर ऊपर तक बिना पैसा का कोई काम नहीं हो रहा है। ऐसे में रामगढ़ की जनता के पास एक सुनहरा मौका है कि इस उपचुनाव में राज्य की भ्रष्ट सरकार के खिलाफ मतदान करें। वर्तमान सरकार को सबक सिखाएं।
पूरे विश्व में धमाल मचा रहा है भारत
शिक्षाविदों के साथ सम्मेलन में दीपक प्रकाश ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पूरे विश्व में धमाल मचा रहा है। उनके नेतृत्व का ही कमाल है कि आज भारत विश्व के पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने कांग्रेस के शासन काल की तुलना मोदी सरकार के आठ साल से करते हुए कहा कि जो कांग्रेस अपने शासन काल में नहीं कर पाई उसे भाजपा की सरकार ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पिछले 8 साल में कर के दिखाया। कांग्रेस के शासनकाल में 2014 निर्यात को देखें तो उस समय 466 अरब डॉलर का ही निर्यात भारत कर पाता था। लेकिन आज भारत 676 अरब डॉलर का निर्यात कर रहा है। सड़क निर्माण प्रतिदिन 12 किलोमीटर होता था आज उसे 3 गुना ज्यादा 37 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क का निर्माण हो रहा है।
किसानों की हमेशा सोचती है भाजपा
भाजपा किसानों के बारे में हमेशा सोचती है। उनका आय दुगना हो इसके लिए कई कदम केंद्र सरकार ने उठाया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसानों को चावल की एमएसपी 1360 रुपए प्रति क्विंटल दिया करती थी, मोदी सरकार ने इसे 1940 रुपए कर दिया। गेहूं का एमएसपी 1450 रुपए था, उसे भी 2015 रुपए कर दिया गया। किसानों के दुख दर्द को समझते हुए मोदी सरकार हर साल उन्हें 6000 रुपए किसान सम्मान निधि के रूप में दे रही है। गरीबों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 5 लाख रुपए की सहायता आयुष्मान भारत योजना के तहत दी जा रही है। यह विश्व की सबसे बड़ी बीमा योजना है।
हर क्षेत्र में दिख रहा है विकास
मोदी सरकार बनने के बाद विकास हर क्षेत्र में देखा जा रहा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि अगर हम आईआईटी की बात करें 2014 से पहले मात्र 16 आईआईटी देश में था, लेकिन आज देश मे 23 आईआईटी हैं। 2014 से पहले देश मे 9 एनआईटी था, आज 25 है। आईआईएम 13 था, आज 20 है। एम्स देश मे 2014 से पहले 7 थी, आज 22 है। यह इस बात को बताने के लिए काफी है कि मोदी के नेतृत्व में भारत कितनी तेजी से विकास कर रहा है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT