logo

हजारीबाग : जंगल में संदिग्ध हालत में मिला 3 बच्चों की मां का शव, साजिश या हादसा; जांच में जुटी पुलिस

a298.jpeg

दुर्गेश सिंह, हजारीबाग:

हजारीबाग के इचाक में दारू थानाक्षेत्र अंतर्गत झुमरा पथ स्थित जोंहिया जंगल में एक महिला का शव मिला है। मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय मनीता देवी के रूप में की गई है। वह इचाक थानाक्षेत्र अंतर्गत निचली जमुआरी गांव की रहने वाली थी। पति, आनंद गिरि का दावा है कि मनीता की मानसिक दशा ठीक नहीं थी। बताया जा रहा है कि महिला शनिवार को सुबह तकरीबन 8 बजे शौच के लिए घर से निकली थी लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास खोजा लेकिन वह नहीं मिली। बताया जा रहा है कि मनिता के गायब होने की जानकारी बरही के पड़ीरमा स्थित मायके वालों को दी गई थी। 

शनिवार को सुबह 8 बजे लापता हुई थी महिला
मनिता के भाई श्याम सुंदर और पति आनंद गिरि ने ग्रामीणों के साथ मनिता को आसपास के इलाकों में खूब ढूंढ़ा। इस बीच दारू थानाक्षेत्र अंतर्गत जोंहिया जंगल में एक शव मिलने की जानकारी मिली। घटना की सूचना पाकर दारू थाना के प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी पूजा कुमारी, एएसआई एमएस खान और गणेश हांसदा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भिजवा दिया। इधर, जंगल में महिला का शव होने की जानकारी मिलने के बाद आसपास से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण वहां जाम हो गये। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है। 

बच्चों के सामने परवरिश का संकट उत्पन्न हुआ
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका मनिता देवी का पति आनंद गिरि ट्रक चालक है। वह काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। महिला 3 बच्चों की मां थी। बच्चों, नेहा, सुमन और अमन का रो-रोकर बुरा हाल है। अब, बच्चों के सामने परवरिश का संकट है।