logo

पद और औपचारिकता की दूरी मिटा कर DC ने आदेशपाल को गले लगाया

पद और औपचारिकता की दूरी मिटा कर DC ने आदेशपाल को गले लगाया

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

DC Bokaro News: किसी पद की वास्तविक गरिमा केवल अधिकारों से नहीं, बल्कि उससे जुड़े मानवीय व्यवहार और संवेदनशीलता से भी प्रदर्शित होती है। शुक्रवार को बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने अपने व्यवहार से इसी भावना की एक सुंदर मिसाल पेश की। अवसर था उपायुक्त के न्यायालय में तीन दशक से अधिक समय तक अपनी सेवा देने वाले आदेशपाल गोपाल नापित के अंतिम न्यायालय दिवस का। आगामी 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे गोपाल नापित के लिए 27 नवंबर का दिन उपायुक्त के न्यायालय में अंतिम कार्य दिवस रहा। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने पद और औपचारिकता की सीमाओं से ऊपर उठकर उन्हें गले लगाया और आत्मीयता के साथ सम्मानित किया। यह उनके लंबे सेवाकाल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावुक क्षण था।

डीसी ने बगल में बैठा कर अपने आदेशपाल को चाय पिलायी

उपायुक्त ने नापित को अपने कार्यालय कक्ष में आमंत्रित किया और अपने बगल वाली कुर्सी पर बैठाया। दोनों ने एक ही टेबल पर साथ बैठकर चाय पी। इस दौरान उपायुक्त ने उनके सेवाकाल के अनुभवों, परिवार और व्यक्तिगत जीवन के बारे में आत्मीयता से बातचीत की। एक अधिकारी का अपने अधीनस्थ कर्मी के प्रति इस तरह का सहज और आत्मीय व्यवहार उनके लिए बेहद सुखद और यादगार रहा। उल्लेखनीय है कि गोपाल नापित वर्ष 2005 में नियमित होने से पूर्व करीब 15 से 20 वर्षों तक दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत रहे। नियमित सेवा में आने के बाद भी लगभग 20 वर्षों तक उन्होंने उपायुक्त के न्यायालय में आदेशपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस प्रकार उनका सेवाकाल तीन दशक से भी अधिक का रहा है।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 30 नवंबर को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया जाए, ताकि उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जा सके। उपायुक्त की यह पहल इस बात का संदेश दे गई कि किसी भी संस्थान में कोई कर्मचारी छोटा या बड़ा नहीं होता। हर व्यक्ति की मेहनत, निष्ठा और समर्पण सम्मान के योग्य है। कभी-कभी एक आत्मीय आलिंगन और साथ बैठकर पी गई एक कप चाय वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने का सबसे खूबसूरत माध्यम बन जाती है।

Tags - DCBokaroOrderlyHonoraryJharkhand