logo

बेमौसम बारिश से गढ़वा के किसानों की फसल बर्बाद, MLA अनंत प्रताप देव ने कृषि मंत्री से की मुआवजे की मांग

बेमौसम बारिश से गढ़वा के किसानों की फसल बर्बाद, MLA अनंत प्रताप देव ने कृषि मंत्री से की मुआवजे की मांग

द फॉलोअप, गढ़वा:

Jharkhand News: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclonic storm) के प्रभाव से हुई भारी बारिश ने गढ़वा जिले के भी किसानों की कमर तोड़ दी है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसल को भारी नुकसान (Crop damage) हुआ है। अब तक करीब 5,300 किसानों ने फसल बर्बादी की शिकायत दर्ज कराई है। इधर, भवनाथपुर के विधायक अनंत प्रताप देव (MLA Anant Pratap Dev) ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की (Agriculture Minister Shilpi Neha Tirkey) से किसानों को मुआवजा देने की मांग (Demand for compensation)की है। वहीं, कृषि विभाग (Agriculture Department) नुकसान का आकलन करने में जुटा है। फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट (Economic crisis) खड़ा हो गया है। किसानों की इस परेशानी को देखते हुए भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के जेएमएम विधायक अनंत प्रताप देव ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को आवेदन सौंपकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

5,300 किसानों की शिकायतें प्राप्त

इधर, किसानों की शिकायतों के बाद कृषि विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिला कृषि पदाधिकारी (District Agriculture Officer) खुशबू पासवान ने बताया कि नवंबर महीने में आए दोनों चक्रवातों से जिले में फसलों को नुकसान पहुंचा है। अब तक पोर्टल और अन्य माध्यमों से करीब 5,300 किसानों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। विभाग की ओर से इन शिकायतों की जांच कराई जाएगी और फसल क्षति का आकलन (Assessment of crop damage) किया जाएगा। इसके बाद पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। गौरतलब है कि गढ़वा जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां की बड़ी आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है, लेकिन नवंबर महीने में आए चक्रवात अर्णव और अकवान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार बारिश के कारण खेतों में तैयार धान (Paddy) की फसल बर्बाद हो गई।

अविलंब मुआवजा देने की मांग

कृषि विभाग के अनुसार, चक्रवात अर्णव के दौरान करीब 2,700 किसानों ने फसल क्षति की शिकायत दर्ज कराई, जबकि चक्रवात अकवान के कारण लगभग 2,600 किसानों ने नुकसान की सूचना दी है। इस तरह दोनों चक्रवातों से करीब 5,300 किसान प्रभावित हुए हैं। वहीं, भाजपा किसान मोर्चा (BJP Farmers' Wing) के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे ने भी सरकार से अविलंब मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसानों को जल्द राहत नहीं मिली तो किसान मोर्चा आंदोलन करेगा। दूसरी ओर, फसल बर्बाद होने से किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि धान की खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है, लेकिन बारिश ने पूरी फसल बर्बाद कर दी। अब उनके सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।

Tags - Jharkhand NewsUnseasonal RainCrop DamageFarmers CompensationMLA Anant Pratap DevAgriculture Minister Shilpi Neha TirkeyAgriculture Department