logo

साइबर ठगों ने बुजुर्ग को कॉल कर कहा- पानी कनेक्शन काट देंगे, फिर उड़ा लिए 4.68 लाख

Cyber-Fraud.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 
राजधानी रांची के कांके रोड निवासी 71 वर्षीय राजीव गर्ग से साइबर ठगों ने बड़ी चालाकी से 4.68 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पानी का कनेक्शन काटने का डर दिखाकर उनके बैंक खाते से यह रकम उड़ा ली। राजीव गर्ग ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि पुराने बकाया भुगतान नहीं करने के कारण उनका जल आपूर्ति कनेक्शन काट दिया जाएगा।

राजीव गर्ग ने जब उस नंबर पर फोन किया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को नगर निगम कर्मचारी बताया। कहा कि वर्ष 2012 का 12 रुपये बकाया है, जिसे तुरंत ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद उन्हें एक और व्हाट्सएप नंबर (9835907984) से बात करने को कहा गया। 

राजीव गर्ग ने जैसे ही उस नंबर से संपर्क किया, तो ठगों ने उनके डेबिट कार्ड की जानकारी ली और उनके मोबाइल को हैक कर लिया। मोबाइल हैक होने के बाद ठगों ने ओटीपी समेत बैंक से जुड़ी सारी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके खाते से 4.68 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। राजीव गर्ग ने कहा कि यह पूरी ठगी एक साजिश के तहत हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को पकड़ने और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Ranchi News Ranchi Latest News Ranchi Hindi News Cyber Fraud