logo

लातेहार : सोलर इरिगेशन से लहलहा रही वीर शहीद के गांव में फसल

970.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सोलर इरिगेशन से लातेहार में वीर शहीद के गांव की फसल लहलहा रही है। दरअसल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा एक वर्ष पूर्व दिए गए निर्देश के बाद लातेहार का कोने गांव अब खेती की नई इबारत गढ़ रही है। दरअसल मुख्यमंत्री के निर्देश पर यहां की पारंपरिक सिंचाई विधि को काफी हद तक बदल दिया गया है। अब यहां सोलर आधारित लिफ्ट इरिगेशन (Solar Based Lift Irrigation) से खेतों में सिंचाई की व्यवस्था हो गई है। जिससे किसान अपने विकास का रास्ता प्रशस्त कर रहे हैं।

नीलांबर-पीतांबर की जन्म भूमि है कोने गांव
लातेहार का कोने गांव वीर शहीद नीलांबर पीतांबर की जन्म भूमि है। प्रथम चरण में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री यहां आए थे। तब किसानों ने मुख्यमंत्री से गांव में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी। ग्रामीणों ने बताया था कि सिंचाई सुविधा नहीं होने कारण लोग कम समय खेती कर पाते हैं, जिससे उन्हें परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा किसानों ने यह भी कहा था कि डीजल पंप से खेतों से सिंचाई करना किसानों के लिए घाटे का सौदा है। इसलिए कुछ ऐसी व्यवस्था करवाएं, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके। इसके बाद ही सीएम के निर्देश पर यहां सोलर आधारित लिफ्ट इरिगेशन का कार्य कराया गया।

शहीद के परिजनों को भी मिला योजना का लाभ
वीर शहीद नीलांबर पीताम्बर के परपोते कोमल खरवार ने मुख्यमंत्री को योजनाओं से वंचित होने की बात कही थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहीद के परिजनों को आवास योजना, पशुधन विकास योजना समेत अन्य योजनाओं से जोड़ा गया। शहीद के घर तक जाने वाली सड़क को दुरुस्त किया गया। सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई। अब शहीद के परिजन और ग्रामीण खुश हैं। वर्षों बाद उन्हें उनका हक और अधिकार मिला।