हजारीबाग
हजारीबाग पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र में सीसीएल (CCL) की आउटसोर्सिंग कंपनी के वाहनों में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 मई 2025 को चरही थाना अंतर्गत नॉर्थ तापिन स्थित आर.के.एस. सीपीएल के व्यू प्वाइंट पर करीब 8-10 अज्ञात अपराधियों ने पेट्रोल छिड़ककर कंपनी के तीन हाईवा और तीन पोकलेन (कुल 6 वाहन) जला दिए थे। इस मामले में सुरक्षा प्रभारी निलेश कुमार के आवेदन पर चरही थाना में कांड संख्या 85/25 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर एवं विष्णुगढ़) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। 9 सितंबर की रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि तापिन नॉर्थ 44 नंबर जंगल में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर SIT ने छापेमारी कर सात अपराधियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी
1. इमदाद रज़ा (21), ग्राम तापिन पारटांड, चरही
2. सचिन कुमार रविदास (24), ग्राम कांको, कोडरमा
3. अफसर वारिस (21), ग्राम पिपरा, चरही
4. छोटन कुमार रविदास (22), ग्राम चुटियारो, कोडरमा
5. साहिल रज़ा (18), ग्राम कजरी, चरही
6. गणेश यादव (20), ग्राम चन्द्रघट्टी, कोडरमा
7. सुनील कुमार दास (29), ग्राम कांको, कोडरमा
पूछताछ में सभी ने 24 अगस्त को सीसीएल के व्यू प्वाइंट पर वाहनों में आग लगाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके अलावा, 10 फरवरी को चरही थाना क्षेत्र के चलिया टॉड जंगल में तीन ट्रैक्टर जलाने की घटना में भी इनकी भूमिका सामने आई।
बरामद सामान
• 6 जिंदा गोलियां
• 3 चाकू
• 7 पर्चे (TPC संगठन से जुड़े)
• बोलेरो नियो वाहन, जिसमें 22 पर्चे मिले
• 6 मोबाइल फोन
