रांची
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी JPSC/JSSC पेपर लीक को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन के साथ पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्र आंदोलन के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है। भाजपा को छात्रों से कोई लेना-देना नहीं है। देश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को छात्रों के दबाव में झुककर इस्तीफा देना पड़ा था। उसी की खुन्नस और बदले की भावना से भाजपा अब छात्रों के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है। महेंद्र पाठक ने कहा कि JPSC के सवाल पर भारतीय जनता पार्टी भी कोई दूध की धुली हुई नहीं है। भाजपा के कार्यकाल में भी लगातार पेपर लीक और छात्रों का शोषण हुआ है। छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा दिल्ली के आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री से मांग
भाकपा प्रदेश सचिव ने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब पहल करते हुए समस्या के समाधान हेतु कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वार्ता और समझौता कर छात्रों के आंदोलन को समाप्त कराएं और भाजपा को आंदोलन और राजनीति का मौका न दें। CBI और CID की जगह वर्तमान जजों की कमेटी के द्वारा न्यायिक जांच कराकर "दूध का दूध, पानी का पानी" कर दिया जाए। इसी में झारखंड और झारखंड के छात्रों की भलाई है। भाजपा घड़ियाली आंसू बहाकर छात्रों को धोखा दे रही है।

समर्थन का ऐलान
महेंद्र पाठक ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम एवं विधानसभा मार्च तक छात्रों के साथ है। AISF, AIYF एवं अन्य वामपंथी छात्र संगठनों के द्वारा आहूत झारखंड बंद को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूर्ण समर्थन करती है। कल स्टूडेंट फेडरेशन की ओर से विधानसभा घेराव को भी भाकपा समर्थन करते हुए सड़कों पर उतरकर छात्रों के आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
