रांची:
भाकपा (माले) के केंद्रीय महासचिव दीपांकर भटाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि वह बाकी दलों को खत्म करके वन नेशन-वन इलेक्शन की तरह वन नेशन-वन पार्टी की व्यवस्था बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) बहुत जल्द झारखंड में वोट बचाओ-रोजगार बचाओ अभियान चलाएगा। उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले दिनों नाटकीय घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में यहां मध्यप्रदेश जैसी स्थिति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तो कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया, लेकिन यहां परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द नहीं किया गया।

महागठबंधन को वोट करेंगे वामदल के विधायक
राज्यसभा चुनाव को लेकर दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारे दोनों विधायक महागठबंधन को वोट करेंगे। बीजेपी का खेल झारखंड में सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने भाजपा के खिलाफ जो जनादेश दिया था, हमारे विधायक उसी अनुरूप काम करेंगे। चुनावों में केंद्रीय निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि आखिर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 4,000 ईवीएम मशीनें कैसे जल गईं।

बीजेपी विधायकों को खरीद सकती है!
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में हॉर्स-ट्रेडिंग की चर्चा पर दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ईडी, सीबीआई और पैसों के खेल से चुने हुए सांसदों और विधायकों को खरीद सकती है, इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा वोट इंडिया गठबंधन के लिए है, चाहे कोई मांगे या नहीं मांगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गौरव वल्लभ को पीछे करके नाथवानी को सामने लाकर खेल किया है।

अंतर्राष्ट्रीय संबंधों पर मोदी सरकार को घेरा
अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में मोदी सरकार की भूमिका की आलोचना करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारा जहाज लेकर आ रहे 2 भारतीयों के मारे जाने की सूचना है। बॉडी खराब हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार खामोश है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के मिसाइलों से हमारे लोगों को मारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक संकट बढ़ रहा है। धीरे-धीरे सभी चीजें महंगी हो रही है। सभी वस्तुओं की कीमतों में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को देशद्रोही बताकर जेल में डाला जा रहा है।
15 जून से 15 जुलाई तक काम दो आंदोलन
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमारी पार्टी महंगाई के खिलाफ आंदोलन चलाएगी। गांव में काम दो आंदोलन 15 जून से 15 जुलाई तक संचालित होगा। उन्होंने कहा कि देशभर के युवा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं। भाकपा (माले) वाले उनके साथ हैं। नौजवान, कॉकरोच जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी क्लब जैसा संगठन है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
झारखंड में आदिवासी आंदोलन पकड़ेगा जोर
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में आदिवासी आंदोलन को भाकपा (माले) आगे बढ़ाएगी। अडानी और एनटीपीसी जैसी कंपनियों के खिलाफ हम लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आदिवासी नीतियों पर गंदा खेल, खेल रही है। उनका जल, जंगल और जमीन छीना जा रहा है। बिरसा मुंडा के बलिदान पर यह वार है। उन्होंने कहा कि ये लोग आरक्षण को हिंदू अधिकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जो बहुजन समाज का अधिकार है, उसे भाजपा खत्म करना चाहती है।
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल में लाखों मुस्लिम लोगों को विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण के जरिए बाहर किया गया है।