द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के पूर्व स्पीकर सह भाजपा विधायक सीपी सिंह ने पूर्व अघ्यक्ष के लिए सरकारी मकान, चालक और सहायक देने की मांग की। उन्होंने झारखंड विधानसभा में मंगलवार को भोजनावकाश के बाद इस मामले को उठाया। सीपी सिंह ने कहा कि यह पद बहुत महत्वपूर्ण होता है। पूर्व स्पीकर सम्मान पूर्वक जीवन यापन कर सके इसके लिए यह व्यवस्था होनी चाहिए। सीपी सिंह ने स्पीकर और सरकार से इसके लिए एक कमेटी बनाने की मांग की। सीपी सिंह ने कहा कि संसदीय परंपरा के अनुसार स्पीकर के चुनाव के समय कोई राजनीतिक दल कैंडिडेट खड़ा नहीं करता है। वहीं, कई राज्यों में पूर्व स्पीकर को सरकारी सुविधाएं देने की व्यवस्था है।

मंत्री ने बताया दूसरे राज्यों में मिलती है सुविधा
संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने सीपी सिंह के उठाए गए सवाल पर सदन को जानकारी दी कि दूसरे राज्यों में पूर्व स्पीकर को सुविधा देय है। मंत्री ने इसके लिए एक कमेटी बनाने का स्पीकर रबींद्रनाथ महतो से आग्रह किया। इसके बाद स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने कमेटी बनाने पर सहमति दे दी। वहीं, भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने स्पीकर से आग्रह किया कि पूर्व स्पीकर को सुविधा देने के लिए जो कमेटी बने वही विधायकों का वेतन भत्ता बढ़ाने पर भी विचार करें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT