द फॉलोअप डेस्क, रांची
बालू, गिट्टी, मिट्टी और मोरम जैसे लघु खनिजों की रॉयल्टी में की गयी बढोत्तरी और नियमों में फेरबदल के विरुद्ध झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने गहरी नाराजगी जतायी है। राज्य सरकार के नये नियमों के कारण भुगतान में हो रहे विलंब पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शुक्रवार को एसोसिएशन की मोरहाबादी स्थित मंगलम गार्डेन BANQUTE हॉल में बैठक हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से सैंकड़ों संवेदक शामिल हुए। आज की बैठक में यह तय किया गया कि विभिन्न जिलों में आरटीआई के माध्यम से यह जानकारी मांगी जाएगी कि उस जिले में कितने बालू, गिट्टी, मिट्टी के वैध खदान हैं। जहां से संवेदक विधिवत इन लघु खनिजों का क्रय कर सकते हैं। इन तथ्यों के आधार पर एसोसिएशन हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेगा। लंबित भुगतान और रॉयल्टी को लेकर होने वाली परेशानियों के विरुद्ध कानूनी लड़ाई लड़ेगा।

हालांकि आज की बैठक में संवेदकों द्वारा विकास के काम ठप करने पर भी चर्चा की गयी। हालांकि इस तरह के आंदोलन से पहले सरकार के विभिन्न स्तरों तक अपनी समस्या और मांग पहुंचाने का निर्णय लिया गया। साथ ही एसोसिएशन का विधिवत गठन और इसका रजिस्ट्रेशन करना पर भी सहमति बनी। विरोध स्वरूप झारखंड कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के संयोजक राकेश चौधरी के नेतृत्व में मोरहाबादी स्थित बापू की प्रतिमा तक विरोध मार्च किया गया। बापू की प्रतिमा के समक्ष उपस्थित होकर संवेदकों ने राज्य सरकार को सद्बुद्धि देने की भी प्रार्थना की गयी। मालूम हो कि रॉयल्टी की शर्तों और दरों में हुए बदलाव से ठेकेदार परेशान हैं। उनका भुगतान नहीं हो पा रहा है। कई अन्य तरह की समस्याएं हैं, जिसका राज्य के विकास में सहयोग कर रहे संवेदक निदान चाहते हैं।
.jpeg)