रांची
राज्य में 3 मई को 'संविधान बचाओ महारैली' का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली रांची के पुराना विधानसभा मैदान में आयोजित होगी। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संवाददाता सम्मेलन में दी।
कमलेश ने कहा कि देश में लगातार संविधान और उसकी संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "संविधान में जो अधिकार नागरिकों को दिए गए हैं, उन्हें सत्ताधारी दल द्वारा छीनने की कोशिश की जा रही है। इसे लेकर जनता को जागरूक करना ज़रूरी है।"
उन्होंने बताया कि यह रैली राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत है। इसके बाद जिला और विधानसभा स्तर पर भी इसी तरह की रैलियां आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस पार्टी आगामी 40 दिनों तक ‘संविधान रक्षा अभियान’ चलाएगी, जिसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संविधान में मिले अधिकारों की जानकारी देंगे। कमलेश ने कहा, "जिस दिन आम लोगों के घरों में संविधान होगा, उस दिन वे तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ जागरूक और संघर्षशील नागरिक बनेंगे।"
कश्मीर की घटना पर चिंता, केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह हमला देश की एकता को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने कहा, "हिंदुओं को निशाना बनाकर जिस तरह से हत्या की गई, उससे साफ है कि आतंकवादी देश में वैमनस्य फैलाना चाहते हैं। केंद्र सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।" यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा खुद ऐसे मुद्दों को हवा देकर देश की सामाजिक एकता को खतरे में डाल रही है। राजेश कच्छप ने कहा— 'भारत जोड़ो यात्रा' देश को जोड़ने की कोशिश थी।
विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि देश में सामाजिक खाइयां गहरी हो रही हैं। इसे पाटने के लिए राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य है कि देश संविधान और कानून के अनुरूप चले। पहलगाम की घटना में जो भी जिम्मेदार हो, उसका पर्दाफाश होना चाहिए और कोई भी चूक हुई हो तो उसकी जांच जरूर होनी चाहिए।" कच्छप ने कहा कि कांग्रेस ने देश की सुरक्षा और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा कीमत चुकाई है और आगे भी संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुजनी, सोनाल शांति, गजेंद्र सिंह और जगदीश साहू भी उपस्थित थे।