logo

कांग्रेस ने कहा, एचईसी की बिजली कटने पर पीएम को भी पत्र लिखिए बाबूलाल जी

कांग्रेस ने कहा, एचईसी की बिजली कटने पर पीएम को भी पत्र लिखिए बाबूलाल जी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
कांग्रेस ने कहा है कि कसरकार को विभिन्न मुद्दों पर पत्र लिखकर सवाल पूछना, जवाबदेही तय करने की मांग करना और जनहित के मुद्दों को उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है। आप अक्सर राज्य सरकार को पत्र लिखते हैं और सरकार से जवाब मांगते हैं। लेकिन आज झारखंड की एक ऐसी औद्योगिक धरोहर, जिसने देश के विकास और आत्मनिर्भरता की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, पूरी तरह संकट में है। एचईसी (Heavy Engineering Corporation), जिसे देश का मदर प्लांट कहा जाता है, आज बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंधकार में डूब गया है। यह सिर्फ एक औद्योगिक संस्थान की समस्या नहीं, बल्कि झारखंड की औद्योगिक पहचान, हजारों कर्मचारियों के भविष्य और देश की औद्योगिक क्षमता से जुड़ा गंभीर सवाल है।


कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस संबंध में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी को एक पत्र लिखा है। उसमें उन्होंने बाबूलाल मरांडी से कहा है कि राज्य सरकार को पत्र लिखने के साथ-साथ एक पत्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी लिखिए। उनसे पूछिए कि आखिर देश के मदर प्लांट एचईसी की यह दुर्दशा क्यों है? केंद्र सरकार की जिम्मेदारी क्या है? जिस संस्थान ने देश के अंतरिक्ष, रक्षा, रेलवे, भारी उद्योग और अनेक राष्ट्रीय परियोजनाओं में अपना योगदान दिया, आज उसे बिजली जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है?


क्या एचईसी को इस तरह दम तोड़ने के लिए छोड़ दिया जाएगा? क्या केंद्र सरकार की औद्योगिक नीति में झारखंड के इस ऐतिहासिक संस्थान के लिए कोई स्थान नहीं है? क्या प्रधानमंत्री इस संस्थान के पुनरुद्धार, कर्मचारियों के बकाया भुगतान और नियमित उत्पादन को लेकर कोई ठोस पहल करेंगे? सवाल सिर्फ पत्र लिखने का नहीं, सवाल यह है कि आपकी आवाज दिल्ली तक भी उतनी ही मजबूती से पहुंचे, जितनी मजबूती से आप राज्य सरकार के खिलाफ उठाते हैं। एचईसी की दुर्दशा पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखिए, उनसे जवाब मांगिए और झारखंड की इस औद्योगिक धरोहर को बचाने की पहल कीजिए। क्योंकि झारखंड की जनता यह जानना भी चाहती है कि एचईसी को बचाने के लिए केंद्र सरकार कब जागेगी?


 

Tags - HECCongressBabulal MarandiPrime MinisterJharkhand