logo

अंबा प्रसाद के धरने में पहुंचे कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष, सड़क पर बैठकर खाया लिट्टी-चोखा

अंबा प्रसाद के धरने में पहुंचे कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष, सड़क पर बैठकर खाया लिट्टी-चोखा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश बुधवार को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में पहुंचे। दोनों नेताओं ने एचईसी परिसर स्थित उनके सील किए गए सरकारी आवास के बाहर चल रहे धरने में हिस्सा लिया और अंबा प्रसाद के साथ बैठकर विरोध जताया। इस दौरान नेताओं का देसी अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने धरनास्थल पर सड़क किनारे बने लिट्टी-चोखा का आनंद लिया। दरअसल, एचईसी परिसर स्थित आवास संख्या F-44 को प्रशासन ने खाली करा दिया है। इस कार्रवाई के विरोध में अंबा प्रसाद आवास के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठी हैं। सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद से झारखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। बीते 8 नवंबर की रात अंबा प्रसाद ने अपने परिजनों और समर्थकों के साथ टेंट में ही लक्ष्मी-गणेश की पूजा की थी। इस दौरान उन्होंने भगवान से प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की थी।


आत्मसम्मान पर प्रहार का आरोप, दूसरे पूर्व विधायकों का भी उठाया मुद्दा
अंबा प्रसाद का कहना है कि सरकारी आवास उनके लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। वह कहीं भी रह सकती हैं, लेकिन जिस तरह उनकी अनुपस्थिति में मकान खाली कराया गया, वह उनके आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास अन्य पूर्व विधायकों के भी सरकारी आवास हैं, लेकिन कार्रवाई के लिए केवल उन्हें ही निशाना बनाया गया। अब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के धरने में शामिल होने से इस विवाद में पार्टी का समर्थन खुलकर सामने आ गया है।

Tags - Amba Prasad Congress Litti Chokha Jharkhand Politics Government House Controversy