logo

Jamshedpur : संवाद कार्यक्रम में दिखा कम्युनिकेशन गैप, आपस में ही भिड़ गये कांग्रेसी नेता

संवाद कार्यक्रम में दिखा कम्युनिकेशन गैप, आपस में ही भिड़ गये कांग्रेसी नेता

जमशेदपुर: 

कांग्रेस का प्रमंडलीय स्तरीय संवाद कार्यक्रम जारी है। रविवार को जमशेदपुर में संवाद कार्यक्रम में कांग्रेसी नेताओं का जुटान हुआ। गौरतलब है कि संवाद कार्यक्रम के दौरान कोल्हान प्रमंडल के पदाधिकारियों के बीच जो हुआ उससे पार्टी की किरकिरी हो रही है। बता दें कि सम्मेलन की शुरुआत में ही पदाधिकारियों के बीच तनाव हो गया। आरोप-प्रत्यारोप हुए। अगड़ा बनाम पिछड़ा की चर्चा हुई। इस बीच हंगामे को शांत करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ेगी। 

अविनाश पांडेय के निर्देश पर संवाद कार्यक्रम
गौरतलब है कि आरपीएन सिंह के पद छोड़ने और पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अविनाश पांडेय को झारखंड कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया। इस समय पार्टी आत्ममंथन कर रही है। विधायकों, मंत्रियों औऱ कार्यकर्ताओं के बीच स्वच्छ संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी सभी प्रमंडलों में जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रही है। मंत्रियों को बकायदा जन-संवाद कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया है। 

संवाद कार्यक्रम में तनाव-विवाद की स्थिति
मुश्किल ये है कि संवाद कार्यक्रम में कई मतभेद उभरकर सामने आ रहे हैं। कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। बीते दिनों स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने संवाद कार्यक्रम में सरकार के विरुद्ध बयानबाजी की और इस्तीफा देने की चेतावनी दी। उसे लेकर भी खूब विवाद हुआ था। इस बीच जमशेदपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कोल्हान प्रभारी ने मोर्चा खोला। धर्मेंद सोनकार ने पार्टी नेताओं पर ओबीसी का अपमान करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष को देख लेने की धमकी दी। 

कोल्हान प्रभारी में कार्यक्रम का बहिष्कार किया
कार्यक्रम में धर्मेंद्र सोनकर ने जिलाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार किया। वो कार्यक्रम स्थल से चले भी गये। दरअसल, धर्मेंद्र सोनकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने पहुंचे थे। वो मंच पर जाकर उनको सम्मानित करना चाहते थे लेकिन आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने उनको मंच से उतार दिया और अपमानित किया।