logo

BJP कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग का लगाया आरोप

congress_,.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ईडी और सीबीआई के कथित दुरुपयोग के विरोध में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के विभिन्न प्रखंडों से एकत्र होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया।
घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भाजपा राजनीतिक द्वेष की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को बेवजह परेशान किया जा रहा है, जो पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है।
सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की लोकप्रियता से घबराई हुई है और इसी कारण झूठे मामलों के सहारे नेताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की तानाशाही प्रवृत्ति के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। यदि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच एजेंसियों की स्वतंत्रता की मांग की। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं ने अंत में कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में भाजपा को इसका जवाब मिलेगा।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand congress protest news giridih news giridih khabar giridih latest news congress news BJP news