द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ बयानबाजी कांग्रेस के पूर्व मंत्री को भारी पड़ गई है। कांग्रेस पार्टी ने कड़ा कदम उठाते हुए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को तीन साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति ने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने जानकारी दी कि समिति के संज्ञान में आया था कि योगेंद्र साव लगातार सोशल मीडिया के जरिए वर्तमान गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अनुशासनहीन टिप्पणियां कर रहे थे।

बताया गया कि हाल ही में फेसबुक लाइव के दौरान भी उन्होंने सरकार के खिलाफ अनुचित बयान दिए थे। समिति ने इसे पार्टी की छवि के प्रतिकूल और संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन माना। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान गठबंधन सरकार में पार्टी की भागीदारी है, ऐसे में इस तरह के सार्वजनिक बयान पार्टी की मर्यादा के खिलाफ हैं। इसी को आधार बनाते हुए अनुशासन समिति ने निर्णय लिया कि योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।