द फॉलोअप डेस्क
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संथाल परगना के देवघर में बने एयरपोर्ट का नाम वीर सपूतों सिदो-कान्हो, चांद-भैरव के नाम पर रखा जाए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कोलकाता एयरपोर्ट का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पटना का जयप्रकाश नारायण और उड़ीसा के दो एयरपोर्ट का नाम बीजू पटनायक एवं वीर सुरेंद्र साई के नाम पर रखा गया है, उसी प्रकार देवघर एयरपोर्ट का नाम भी क्षेत्रीय वीरों के नाम पर होना चाहिए।
वक्फ बिल संशोधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज में मतभेद पैदा करना चाहती है। यह बिल मुसलमानों को उनके व्यक्तिगत कानूनों और संपत्ति अधिकारों से वंचित करने का हथियार है और संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मुसलमानों को निशाना बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि भविष्य में अन्य समुदायों पर भी इसी तरह के हमले किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के आर्टिकल 25 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी दी गई है, लेकिन यह बिल उस अधिकार का उल्लंघन करता है। केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर कब्जा करना चाहती है।
उन्होंने आगे कहा कि गृह मंत्री ने लोकसभा में यह कहकर झूठ बोला कि वक्फ ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ कोई अपील नहीं हो सकती, जबकि वक्फ एक्ट 1995 की धारा 83(9) के तहत हाईकोर्ट में अपील की जा सकती है। इससे स्पष्ट होता है कि यह बिल मुस्लिम समुदाय के खिलाफ राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा है। संविधान की धारा 26 धार्मिक स्थलों की रक्षा की बात करता है, लेकिन सरकार उसे भी नजरअंदाज कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि केंद्र सरकार देश की सामाजिक समरसता को बिगाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में अल्पसंख्यक समुदाय के केवल 24 सांसद हैं, लेकिन वक्फ बिल का विरोध धर्म से ऊपर उठकर 232 सांसदों ने किया है। उन्होंने कहा कि बहुमत के दुरुपयोग का उदाहरण वक्फ बिल बनेगा। भाजपा अल्पसंख्यकों को निशाना बना रही है, और इसके विरोध में लाखों लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी राजनीति में धूमकेतु की तरह उभरता सितारा हैं।
प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने भाजपा प्रवक्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका बयान झूठ की थाली सजा कर रखने जैसा है। उन्होंने कहा कि अगर जफर इस्लाम में हिम्मत है तो इमरान प्रतापगढ़ी के साथ आमने-सामने बैठकर वक्फ बिल पर चर्चा करें। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह अल्पसंख्यकों को बरगलाने की कोशिशें बंद करे। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सोनाल शांति, जगदीश साहू और राजन वर्मा भी उपस्थित थे।
