रांचीः
ठंड से लोगों को थोड़ी राहत मिली ही रही थी कि फिर अचानक ही मौसम ने करवट ले लिया है। फिर सर्द हवाएं चलने लगी हैं। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान तीन से छह डिग्री तक की गिरावट हुई है। फिलहाल पूरे सप्ताह की बात करें तो मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान मुख्यता साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। अगले दो दिन बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में दो से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा सबसे अधिक उच्चतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा का दर्ज किया गया। हालांकि अब कोहरा और धुंध से राहत मिलने लगा है।
8 साल में पहली बार हुआ है ऐसा
वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी माह में रांची का न्यूनतम तापमान पिछले आठ साल में 10 डिग्री से नीचे भी पहुंचा है। वर्ष 2014 में 18 फरवरी को 7.3 डिग्री, 2015 में एक फरवरी को 6.0 डिग्री, 2016 में पांच फरवरी को 9.4 डिग्री, 2018 में दो फरवरी को 9.0 डिग्री, 2019 में 11 फरवरी को 8.2 डिग्री, 2020 में 10 फरवरी को 6.5 डिग्री, 2021 में एक फरवरी को 6.3 डिग्री व वर्ष 2022 में सात फरवरी को 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। फिलहाल मौसम सामान्य की ओर बढ़ने लगा था, लेकिन सर्द हवाओं की वजह से कनकनी बढ़ गई है। राज्य के कई हिस्सों में भी ठंड बढ़ी है। बता दें कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं।