द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आज नावाडीह में करोड़ों योजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने अपने संबोधन में 1932 खतियान के आधार पर नियुक्ति देने की बात पर भी चर्चा की। सीएम ने कहा कि राज्य में नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। हम लोगों ने 1932 खतियान के आधार पर नियुक्ति देने का कानून बनाया। झारखंडवासियों को नौकरी मिले यह कानून बनाया। लेकिन बीजेपी और आजसू के लोगों ने षड्यंत्र कर उसे कोर्ट में चुनौती देकर निरस्त करवाने का काम किया। और जब हम पुरानी व्यवस्था के माध्यम से नियुक्तियां दे रहे हैं तो यह फिर षड्यंत्र रच रहे हैं। लेकिन चिंता मत कीजिए 1932 हमेशा से हमारा मुद्दा था, है और रहेगा। अभी हम हारे नहीं हैं, लंबी छलांग के लिए बस दो कदम पीछे आए हैं। 1932 को हम फिर से आगे बढ़ाएंगे।

15 हजार किमी ग्रामीण सड़क का निर्माण होगा
सीएम ने आगे कहा कि सर्वजन पेंशन योजना से राज्य के सभी बुजुर्ग, निराश्रित महिला और दिव्यांग आच्छादित हैं। भारत सरकार द्वारा बनाए गए कानून में कुछ लोग ही इस दायरे में आ सकते थे। इसे देखते हुए आपकी राज्य सरकार ने कानून बनाया। और आज 60 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों तथा अन्य लाभुकों को सरकार पेंशन देती है जो हर माह की 5 से 10 तारीख के बीच उन्हें दी जाती है। लाखों लोगों को 100 यूनिट बिजली भी निःशुल्क दी जा रही है। राज्य भर में 15 हजार किमी ग्रामीण सड़क को दुरुस्त करने का भी निर्णय लिया है। अब हर ग्रामीण सड़क बेहतर होगी।

17 योजनाओं का किया उद्घाटन
जानकारी हो कि सीएम गुरुवार को बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड स्थित बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम में शिलान्यास/ उद्घाटन व परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन बोल रहे थे। यहां विभिन्न विभागों से 17097.82 लाख रुपये से जिले की महत्वाकांक्षी 17 योजनाओं का उद्घाटन व 53 योजनाओं का शिलान्यास तथा 5636.94 लाख की परिसंपत्ति का वितरण किया गया। विशेष रूप से नावाडीह में 26 करोड़ से मॉडल डिग्री कॉलेज का शिलान्यास दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के नाम से करने एवं गोमिया में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया गया। मंत्री बेबी देवी व दर्जा प्राप्त मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने भी संबोधित किया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N