logo

दुमका : आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कन्वेंशन सेंटर का सीएम ने किया उद्घाटन, 103 अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

879.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य में सरकारी योजनाएं धरातल पर उतरे। क्रियान्वयन तीव्र गति से होने के साथ ससमय पूरी हो। योजनाओं की लगातार निगरानी इसके लिए जरूरी है। यही वजह है कि मैं खुद विभिन्न जिलों में जाकर मुख्यालय और जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ले रहा हूं। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज दुमका में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और बहु उपयोगी कन्वेंशन सेंटर के उद्घाटन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय योजनाओं की समीक्षा जिलों में होनी चाहिए। इससे निश्चित तौर पर बेहतर नतीजे आएंगे। मुख्यालय मैं बैठे वरीय अधिकारी की  जिम्मेदारी है कि वे जिला स्तरीय योजनाओं की मॉनिटरिंग नियमित रूप से करें। इसका फायदा इस राज्य और यहां रहने वाले लोगों को होगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 110 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण के साथ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस वर्ष दुमका जिले को कालाजार मुक्त जिला घोषित कर दिया गया है। ऐसे में कालाजार के खिलाफ जंग करने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स के बीच पोषण किट का वितरण भी किया गया।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं
दुमका संथाल परगना प्रमंडल का केंद्र बिंदु होने के साथ झारखंड की उप राजधानी है। यह जिला कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना कर आगे बढ़ रहा है। यह बातें सीएम ने कही। उन्होंने कहा कि इस कड़ी में कन्वेंशन सेंटर यहां के लिए एक और बड़ी सौगात है। यह सेंटर एक मायने में पूर्ण पैकेज की तरह है, जहां सांस्कृतिक, सेमिनार, सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और बहु उपयोगी सेंटर है जहां एक छत के नीचे कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सेंटर की व्यवस्था मेंटेन रहे इस पर विशेष ध्यान देनी होगी। कई बार देखा गया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के कार्यक्रमों के लिए भी बड़े होटलों या बड़े शहरों का रुख करना होता है। लेकिन, कन्वेंशन सेंटर के होने से अब यहां के कार्यक्रम इसी शहर और जिले में आयोजित होंगे।

10.95 अरब रुपए की योजनाओं का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 10.95 अरब से अधिक की लागत की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। इसमें 2 अरब से अधिक योजनाओं का लोकार्पण और 8 अरब से अधिक रुपए की योजनाओं की नींव रखी गई। इन योजनाओं में लगभग 32 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कन्वेंशन सेंटर और शिकारीपाड़ा में आईटीआई भवन का उद्घाटन भी शामिल है। मौके पर सांसद विजय हांसदा, विधायक नलिन सोरेन और बसंत सोरेन, डीसी रविशंकर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा आदि उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT