द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज गिरिडीह जाएंगे। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद सीएम आज पहली बार गिरिडीह पहुंचेंगे। यहां मधुबन में सीएम दिशोम मांझीथान में पूजा अर्चना करेंगे। यहां के बाद मुख्यमंत्री मधुबन मकर संक्रांति मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां कार्यक्रम के बाद सीएम मधुबन के परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। यहां वो कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन भी मौजूद रहेंगी।
प्रशासन पूरी तरह से तैयार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गिरिडीह जाने को लेकर कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह है। पूरे शहर से जेएमएम के पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को देखते हुए मधुबन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के साथ साथ एसपी दीपक कुमार शर्मा के द्वारा व्यवस्था का जायजा लिया गया है। देर रात तक अधिकारियों की टीम यहां डटी रही है। वहीं शुक्रवार की सुबह से पुलिस अधिकारियों के साथ जवानों की तैनाती की गई है।
यहीं पूजा कर रजनीति में कूदी थी कल्पना
गौरतलब है कि जब हेमंत सोरेन जेल में थे उस वक्त इसी दिशोम मांझीथान में पूजा करने कल्पना पहुंची थी। 4 मार्च को कल्पना मुर्मू सोरेन ने यहां पूजा की थी, उसके बाद गिरिडीह के झंडा मैदान से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। चूंकि इस दिशोम मांझीथान से कल्पना के साथ साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की काफी आस्था है ऐसे में इस बार दोनों एक साथ पूजा करने यहां आ रहे हैं।