द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में भीषण गर्मी से राहत की शुरुआत हो गई है। रविवार शाम से ही राज्य के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। बीते 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बादल गरजे, तो कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में हुई, जहां 4.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक तापमान डाल्टेनगंज में 44.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान चतरा में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप की तपिश अब कम हो गई है, क्योंकि आसमान में बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है। विभाग ने 28 और 29 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 30 अप्रैल और 1 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात की आशंका है। हवा की गति भी तेज रहने वाली है, जो 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खासकर 30 अप्रैल को दक्षिणी जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा—में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।1 मई को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। इस दिन राज्य के दक्षिण-पश्चिम और मध्य हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
राजधानी रांची की बात करें तो, रविवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। 29 अप्रैल को भी इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। 30 अप्रैल और 1 मई को हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी जारी रहने की संभावना है। इस बदलाव का असर पूरे राज्य के तापमान पर देखने को मिल रहा है। जहां कुछ दिन पहले तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब इसमें 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिन तक अधिकतम तापमान में यह कमी बनी रहेगी।