द फॉलोअप डेस्क
अपने पिता, पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मिलने के लिए गुरुवार की रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मेदांता अस्पताल पहुंचे। इरबा स्थित इस अस्पताल में पहुंचकर उन्होंने अपने पिता से मुलाकात की। बताते चलें कि शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने पर गुरुवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए इरबा स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखभाल में उनका उपचार किया जा रहा है। हालांकि, इस बीच गुरुजी के स्वास्थ्य से संबंधित अच्छी खबर अस्पताल से निकलकर आई है। बताया गया है कि अभी उनका स्वास्थ्य स्थिर है। वह अस्पताल में मौजूद अपने परिजनों से बात कर रहे हैं। चिकित्सकों के मुताबिक निमोनिया का लक्षण दिख रहा है। एसीजी, अल्ट्रासाउंड, अल्ट्रासोनोग्राफी और एक्सरे हुआ है। वैसे जांच रिपोर्ट आने के बाद सब स्पष्ट हो जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल ज्यादा चिंता की बात नहीं है। अस्पताल में गुरुजी की पत्नी रूपी सोरेन के अलावा परिवार के सदस्य भी मौजूद हैं।

समर्थकों में छाई थी मायूसी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी की तबियत अचानक से बिगड़ने की खबर से उनके समर्थकों के बीच मायूसी छा गई थी। सभी उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए बेचैन थे। हालांकि, देर शाम तबियत स्थिर होने की जानकारी मिलने से सभी ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि प्रत्येक वर्ष दो फरवरी को दुमका में मनाया जाने वाला पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में शिबू सोरेन कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हैं। 79 वर्ष होने के बाद भी इस बार के समारोह में हर वर्ष की तरह कार्यकर्ताओं को गुरुजी ने संबोधित किया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT