गुमला
सिसई थाना क्षेत्र के मुर्गू पत्रा टोली गांव में सोमवार शाम लगभग 5:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 10 वर्षीय रवि उरांव, पिता विजय उरांव, वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रवि उस समय अपने गाय-बैलों को चराने के लिए बाहर गया हुआ था। उसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और जोरदार वज्रपात हुआ, जिससे रवि सीधे तौर पर प्रभावित हुआ और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के समय पास के खेत में काम कर रहे एक किसान ने बच्चे को गिरा हुआ देखा और तुरंत गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर रवि को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। परिजन और ग्रामीण बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से रवि की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
