logo

रफ्तार में बेकाबू बाइक ढाई साल के अनवर हुसैन को लील गई, परिजनों के चीत्कार से दहला गांव

रफ्तार में बेकाबू बाइक ढाई साल के अनवर हुसैन को लील गई, परिजनों के चीत्कार से दहला गांव

साहेबगंज:

साहिबगंज में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर ढाई साल के अनवर हुसैन की मौत हो गई। घटना राधानगर थानाक्षेत्र अंतर्गत अकुबबन्ना गांव की है। अनवर हुसैन, मसूद शेख का बच्चा था। सड़क हादसे में बच्चे की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। घटना के बाबत मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी पश्चिम प्राणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बाइक की टक्कर से अनवर हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव मे अफरा-तफरी मच गई। मृत बच्चे के दादा अनुसमा शेख ने रोते हुए बताया कि पोता घर के बाहर खेल रहा था, तभी बेकाबू रफ्तार से गुजर रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। 

परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम अनवर हुसैन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा है और किसी के घर पर चूल्हा नहीं जला। ग्रामीणों ने शिकायत की है कि गांव में घनी आबादी वाले इलाकों से भी वाहन चालक काफी तेज रफ्तार से गुजरते हैं और अक्सर ऐसे जानलेवा हादसे की आशंका बनी रहती है। 

बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया
इस बीच हादसे की सूचना मिलते ही राधानगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भिजवा दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। 
 

Tags - Jharkhand NewsSahebganjChild Died in Road AccidentRadhanagar