सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बायपास, एनएच-18 स्थित भालूकोचा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यदुवंशी होटल की रसोई में गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गयी। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में मौजूद कारीगरों और ग्राहकों के बीच भगदड़ मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को होटल की रसोई में सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद अचानक आग लग गई।

आनन-फानन में लोग होटल से बाहर निकले
शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन होटल के समीप बनी पुआल की झोपड़ी तक आग की लपटें पहुंचने के बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में पुआल की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग लगते ही होटल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सिलेंडर में ब्लास्ट होने की आशंका को देखते हुए लोग आनन-फानन में होटल से बाहर निकल गए। आसपास के स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और बाल्टी में पानी भर के आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच घटना की सूचना चांडिल अनुमंडल स्तरीय अग्निशमन केंद्र को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। होटल संचालक के अनुसार, आगजनी की इस घटना में होटल की झोपड़ी समेत कुछ सामान जलकर नष्ट हुआ है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद चांडिल पुलिस ने मामले की जानकारी ली है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर से हुए रिसाव को ही आग लगने का कारण बताया जा रहा है।